Monday 20 July 2020

वजन घटाने के लिए खाएं फाइबर से भरे लो- कैलोरी वाले फल

20 जुलाई। क्या आपको भी जल्दी-जल्दी भूख लगती है, मगर वजन बढ़ने का डर भी सताता है? अगर ऐसा है, तो कुछ खास फलों का सेवन आपके लिए बहुत लाभदायक हो सकता है। फल हमेशा सेहत के लिए फायदेमंद माने जाते हैं क्योंकि इनमें ढेर सारे पोषक तत्व जैसे- विटामिन्स, मिनरल्स, एंटीऑक्सीडेंट्स और फाइबर आदि होता है। ज्यादातर फल मीठे होते हैं और इनमें नैचुरल शुगर की मात्रा भी ज्यादा होती है, इसलिए कई बार इनका जूस पीने से वजन या ब्लड शुगर बढ़ सकता है। लेकिन बहुत सारे फल ऐसे भी हैं, जिनमें शुगर कम होता है, फाइबर ज्यादा होता है और पोषक तत्व भरपूर होते हैं, जिसके कारण ये फल आपकी भूख भी मिटाते हैं और वजन घटाने में भी आपकी मदद करते हैं। आइए हम आपको बताते हैं फाइबर से भरपूर ऐसे ही 5 लो-कैलोरी वाले फल, जो वजन भी घटाते हैं और भूख भी मिटाते हैं।
सेब खाएं
सेब एक ऐसा फल है, जिसमें लगभग सभी पोषक तत्व थोड़ी-थोड़ी मात्रा में मौजूद होते हैं। इसीलिए कहा जाता है कि अगर बाकी फलों के बजाय सिर्फ सेब ही रोजाना खाया जाए, तो व्यक्ति को ढेर सारे स्वास्थ्य लाभ मिल सकते हैं। सेब में फाइबर बहुत अच्छी मात्रा में होता है, जिसके कारण ये देर तक आपके पेट को भरा रखता है और पाचन को ठीक रखता है। इसके अलावा सेब में कैलोरीज बहुत कम होती हैं, कई महत्वपूर्ण एंटीऑक्सीडेंट्स होते हैं और बहुत अधिक मात्रा में विटामिन्स होते हैं। सेब में मौजूद पेक्टिन (Pectin) नामक तत्व ब्लड शुगर घटाता है, शरीर को डिटॉक्स करता है और कोलेस्ट्रॉल भी घटाने में मदद करता है।
अमरूद खाएं
अमरूद इस मौसम में आने वाला बहुत बढ़िया फल है, जिसमें फाइबर अच्छी मात्रा में होता है। अमरूद खाकर बहुत जल्दी पेट भर जाता है। इसके अलावा अमरूद में विटामिन सी की मात्रा भी होती है, जिसके कारण ये इम्यूनिटी भी बढ़ाता है। अमरूद बारिश के मौसम में परफेक्ट स्नैक है, जिसे आप सुबह या शाम किसी भी समय हल्की भूख लगने पर खा सकते हैं। इसका सेवन कैंसर, डायबिटीज, हाई ब्लड प्रेशर, अपच, कब्ज जैसी समस्याओं में खूब फायदेमंद पाया गया है।
पपीता है फायदेमंद
पपीता भी भूख मिटाने वाला बेहतरीन फल है, जिसके सेवन से आपके शरीर को अच्छी मात्रा में एंटीऑक्सीडेंट्स और फाइबर मिलते हैं। पपीता में पानी की मात्रा भी प्राकृतिक रूप से ज्यादा होती है। इसकी सबसे खास बात है इसमें मौजूद पपाइन नामक एंजाइम, जो आंतों में जाकर प्रोटीन को पचाने में मदद करता है और पाचन की क्रिया को तेज करता है। इससे आपके शरीर को ज्यादा एनर्जी मिलती है और आपका मेटाबॉलिज्म बढ़ने से वजन भी घटता है।
स्ट्रॉबेरीज
सभी तरह की बेरीज सेहत के लिए फायदेमंद होती हैं क्योंकि ये एंटीऑक्सीडेंट्स से भरपूर होती हैं। स्ट्रॉबेरी इसलिए अच्छी मानी जाती है क्योंकि इसका स्वाद बच्चों को पसंद आता है। स्ट्रॉबेरी के सेवन से शरीर में मौजूद टॉक्सिन्स बाहर निकल जाते हैं और शरीर स्वस्थ रहता है। इसके अलावा स्ट्रॉबेरी हार्ट के लिए फायदेमंद मानी जाती है। भूख लगने पर आप स्ट्रॉबेरी खाकर भी अपना पेट भर सकते हैं।
पाइन एप्पल
पाइन एप्पल यानी अनानास खाना भी सेहत के लिए अच्छा होता है क्योंकि इसमें भी फाइबर यानी रेशे बहुत अच्छी मात्रा में पाए जाते हैं। अनानास में मौजूद फाइबर आपके आंतों में जाकर आंतों की अच्छी तरह सफाई कर देते हैं और मल को मुलायम बनाते हैं। इसलिए इसका सेवन उन लोगों के लिए अच्छा है, जो पेट की समस्याओं से जूझते रहते हैं। इसके अलावा जो लोग वजन घटाना चाहते हैं, वो भी सीमित मात्रा में अनानास का सेवन कर सकते हैं। अनानास में कैलोरीज थोड़ी ज्यादा होती हैं, लेकिन उसी अनुपात में फाइबर भी होता है, जिसके कारण इसे पचाने में आपका शरीर उन एक्सट्रा कैलोरीज को बर्न कर लेता है। इसलिए अनानास खाने से आपकी भूख भी मिटती है और शरीर पर एक्सट्रा कैलोरीज का बोझ भी नहीं आता है।
ये फल तो आपके लिए फायदेमंद हैं ही। साथ ही वजन घटाने के लिए आप कोई भी साबुत फल सीमित मात्रा में खा सकते हैं। फलों में मौजूद शुगर आपके शरीर को नुकसान नहीं पहुंचाता है क्योंकि इसमें फाइबर पर्याप्त मात्रा में होता है। हालांकि वेट लॉस के दौरान फलों का जूस पीना फायदेमंद नहीं माना जाता है।