Wednesday 1 July 2020

असम में पहली बार 613 नये कोरोना मरीज, 314 हुए स्वस्थ


असम में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या में अब भारी इजाफा हो रहा है। पिछले 24 घंटे के दौरान असम में सबसे अधिक 613 नये कोरोना संक्रमित मरीजों की शिनाख्त हुई है। जबकि 314 मरीज स्वस्थ होकर अपने घर लौट गए हैं। राज्य के वित्त, स्वास्थ्य आदि मामलों के मंत्री डॉ हिमंत विश्वशर्मा ने मंगलवार रात ट्वीट कर बताया है कि राज्य में 613 नये मरीजों की शिनाख्त हई है। एक अन्य ट्वीट में उन्होंने 314 संक्रमितों के स्वस्थ होने की जानकारी दी है। राज्य में कोरोना संक्रमित कुल मरीजों की संख्या 8407 हो गई है। 5647 मरीज पूरी तरह से स्वस्थ हो गए हैं। राज्य में स्वस्थ होने का आंकड़ा 72 फीसद पहुंच गया है। जबकि 2745 मरीजों का राज्य के विभिन्न अस्पतालों में इलाज चल रहा है। मंगलवार को भी एक मरीज की मौत हो गई। राज्य में अब तक कुल 12 मरीजों की मौत हुई है, जबकि तीन मरीज राज्य के बाहर चले गए हैं।
राज्य में अब तक कुल 4,12,214 लोगों की जांच 12 लैब में हुई है। स्वास्थ्य विभाग जांच में काफी तेजी ला रहा है। मुख्य रूप से गुवाहाटी में जांच की क्षमता को काफी बढ़ाया गया है। इसके लिए छोटे-छोटे इलाकों में भी जांच की व्यवस्था की गई है। गुवाहाटी समेत राज्य में जिस रफ्तार से कोरोना का संक्रमण बढ़ रहा है, उसको देखते हुए राज्य सरकार ने 28 जून की मध्य रात्रि 12 बजे से गुवाहाटी में 14 दिनों के लिए सख्त लॉकडाउन लागू कर दिया है। उल्लेखनीय है कि मंगलवार को राज्य में नये कुल मरीजों में से अकेले 380 मरीजों की शिनाख्त गुवाहाटी में हुई है।
https://www.hindikhabar.in/