Thursday 2 July 2020

चीन में मिली स्वाइन फ्लू वायरस की नयी प्रजाति



चीन में सूअरों के बीच पाई जा रही फ्लू वायरस की नयी प्रजाति शूकर उद्योग से जुड़े कर्मचारियों को तेजी से प्रभावित कर रही है और इस प्रजाति में वैश्विक महामारी फैलाने वाले विषाणु जैसी सारी अनिवार्य विशेषताएं हैं। एक अध्ययन में यह बात सामने आई है।
यह अध्ययन 2011 से 2018 के बीच चीन में सुअरों की निगरानी पर आधारित है और इसमें पाया गया कि इंफ्लुएंजा वायरस का यह प्रकार, जिसमें जी4 जीनोटाइप आनुवंशिक सामग्री है, 2016 से सुअरों में प्रमुखता से नजर आ रहा है। ‘चीनी रोग नियंत्रण एवं बचाव केंद्र’ के वैज्ञानिकों समेत अन्य के मुताबिक ये जी4 विषाणु मानव कोशिकाओं में रिसेप्टर अणुओं (प्रोटीन अणु) से बंध जाते हैं और श्वसन तंत्र की बाहरी सतह में अपनी संख्या बढ़ाते हैं। अध्ययन में यह भी पाया गया कि इंसान को अन्य ‘मानव इंफ्लुएंजा टीकों’ से मिलने वाली रोग प्रतिरोधक क्षमता जी4 वायरस से नहीं बचा सकती। यह इस बात का संकेत है कि वायरस के प्रति शरीर में पहले से कोई प्रतिरक्षा मौजूद नहीं है।
शूकर उद्योग में काम करने वाले कर्मचारियों के खून के नमूनों का आकलन दिखाता है कि करीब 10.4 प्रतिशत लोग जी4 फ्लू वायरस से संक्रमित थे। संकेत मिलता है कि यह वायरस सुअरों से मनुष्य में फैल सकता है। अध्ययन ‘पीएनएएस’ पत्रिका में प्रकाशित हुआ है।
अभी चिंता की बात नहीं
अमेरिका की हार्वर्ड यूनिवर्सिटी के महामारीविद एरिक फिग्ल डिंग जो कि अध्ययन से जुड़े नहीं हैं, ने ट्वीट किया कि यह वायरस अब तक सिर्फ सूअरों में है। ‘केवल दो मामले। और यह 2016 की उत्पत्ति वाला पुराना वायरस है। इंसान से इंसान में नहीं फैला है। सुअर उद्योग के 10 प्रतिशत लोगों में एंटीबॉडीज मिले। कोई डराने वाली बात के साक्ष्य नहीं मिले हैं।’ अमेरिका की यूनिवर्सिटी ऑफ वाशिंगटन के बायोलॉजिस्ट कार्ल टी बर्गस्ट्रॉम ने कहा कि लगातार अत्यधिक संपर्क में रहने के बाद भी इसके मनुष्य से मनुष्य में फैलने के कोई साक्ष्य नहीं हैं…पर स्थिति पर नजर रखना महत्त्वपूर्ण है।