Tuesday 23 June 2020

क्या माधुरी दीक्षित की डांस गुरू को हुआ कोरोना? इस वजह से अस्पताल में कराना पड़ा एडमिट


बॉलीवुड में माधुरी दीक्षित को स्टार बनाने वाली कोरियोग्राफर सरोज खान को 71 साल की उम्र में अस्पताल में एडमिट कराना पड़ा। सांस लेने में तकलीफ के बाद उन्हें हॉस्पिटल में एडमिट कराना पड़ा। मीडिया एजेंसी की मानें तो उनकी कोरोना की जांच भी हुई है और सरोज की रिपोर्ट भी नेगेटिव आई है। मीडिया रिपोर्ट्स में सूत्रों के हवाले से कहा जा रहा है कि सरोज खान अब ठीक हैं। उन्हें सांस लेने में दिक्कत महसूस हो रही थी। इसके बाद  उन्हें अस्पताल लाया गया और उनकी कोरोना की जांच हुई। इस टेस्ट की रिपोर्ट नेगेटिव आई। बताया जा रहा है कि वो एक या दो दिन में घर वापस लौट सकती हैं।

दो हजार से ज्यादा गानों को सरोज ने किया कोरियोग्राफ 
चार दशक से अधिक के करियर में सरोज खान ने 2 हजार से अधिक गानों को कोरियोग्राफ किया है। 22 नवंबर, 1948 को जन्मीं सरोज खान बॉलीवुड में ऐसा नाम है, जिसे हर कोई जानता है और उनके काम की सराहना करता है। सरोज खान ने अपने करियर में कई फेमस गानों को कोरियोग्राफ किया है। 'देवदास' का 'डोला रे डोला', माधुरी दीक्षित स्टारर 'तेजाब' फिल्म का गाना 'एक दो तीन' और 'जब वी मेट' फिल्म का 'ये इश्क हाय' जैसे सॉन्ग्स को उन्होंने ही कोरियोग्राफ किया है। 71 साल की सरोज खान की बतौर कोरियोग्राफर उनकी आखिरी फिल्म 'कलंक' थी। उन्होंने तीन बार राष्ट्रीय पुरस्कार भी हासिल किया है।