Wednesday 3 June 2020

मुंबई की ओर तेजी से बढ़ रहा निसर्ग तूफान, अक्षय कुमार और प्रियंका ने की लोगों की सलामती की दुआ


मुंबई। कोरोना वायरस के फैलते संक्रमण के बीच मुंबई पर अब एक और बड़ा खतरा मंडरा रहा है। महाराष्ट्र और गुजरात के तटों पर चक्रवाती तूफान 'निसर्ग' के खतरे को देखते हुए बॉलीवुड स्टार्स भी खासे चिंतित हैं। इन सेलेब्स ने लोगों से सावधान और सुरक्षित रहने की अपील की है। प्रियंका चोपड़ा से लेकर अक्षय कुमार और दूसरे स्टार्स ने सोशल मीडिया पर लोगों से सरकार के आदेश पालन करने की बात कही है।
प्रियंका ने ट्वीट करते हुए लिखा, 'ये साल बेहद निर्मम साबित हो रहा है। आप सभी लोग छत के अंदर रहें, सावधानी बरतें और सरकार के दिशा-निर्देशों को मानें। प्लीज, सभी सुरक्षित रहें। वहीं एक और ट्वीट में प्रियंका ने लिखा, निसर्ग तूफान मुंबई की ओर आ रहा है, मेरी मां और भाई को मिलाकर दो करोड़ लोगों से ज्यादा आबादी का होमटाउन। 1891 के बाद से अब तक मुंबई ने इतने बड़े चक्रवाती तूफान का सामना नहीं किया है। ऐसे वक्त में जब दुनिया पहली से ही इतनी परेशान है, यह विनाशकारी साबित हो सकता है।