Friday 17 April 2020

बरेली में चीखने पर पिता ने की थी नौ साल की बेटी की हत्या, वजह जानकर रह जाएंगे हैरान Bareilly News

बरेली, जेएनएन। फतेहगंज पश्चिमी के एक गांव में 15 दिन पहले नौ साल की बच्ची की हत्या का पुलिस ने राजफाश कर दिया है। उसके पिता ने उसे मार डाला था। गिरफ्तारी के बाद उसने गुनाह कबूल किया। पुलिस को बताया कि दुष्कर्म का प्रयास करने पर बेटी चीखी तो गला दबाकर हत्या कर दी थी।
आरोपित पिता ने अपना गुनाह छुपाने के लिए गांव के ही आरोपित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। हालांकि वह बच्ची के अंतिम संस्कार से पहले ही गायब हो गया था। पति से अलग रह रही पत्नी को जब पता चला तो उसने पति पर ही हत्या की आशंका जताई थी। सोमवार को वह पुलिस के हत्थे चढ़ा तो पूछताछ के दौरान उसने बेटी से दुष्कर्म के प्रयास में हत्या कबूल कर ली। मंगलवार को उसे जेल भेज दिया।
कस्बे के एक गांव में रहने वाले युवक की पत्नी पांच बच्चों के बदायूं दरगाह में हाजिरी लगाने गई थी। सबसे छोटी बेटी संदिग्ध हालत में लापता हो गई। शाम सात बजे उसने शोर मचाया कि बेटी लापता है और ग्रामीणों के साथ उसकी तलाश की। रात 11 बजे वह बेटी का शव खुद लेकर घर पहुंचा और पड़ोसी पर ही हत्या का आरोप लगाने लगा। पोस्टमार्टम में दुष्कर्म का प्रयास की पुष्टि हुई थी।
गांव में चर्चा हुई कि बेटी अंतिम बार उसी के साथ जंगल की ओर जाती देखी गई थी। पकड़े जाने के डर से वह बेटी के अंतिम संस्कार से पहले ही फरार हो गया था। पत्नी जब घर पहुंची तो उसने भी पति पर ही हत्या का शक जताया था। सोमवार को पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर उसे माधौपुर अंडरपास के पास दबोच लिया। उसे थाने लाकर पूछताछ की तो उसने गुनाह कबूल कर लिया। आरोपित की पत्नी ने बताया कि उसका पति उस पर शक करता था।
आरोपित ने गुनाह कबूल कर लिया है कि उसने दुष्कर्म के प्रयास किया था विरोध पर गला दबाकर हत्या कर दी थी।