Thursday 23 April 2020

लॉकडाउन के बीच शिखर धवन ने शुरू की क्वारेंटाइन प्रीमियर लीग, पहले मैच में ही 99 रन पर हुए बोल्ड


नई दिल्ली. कोरोना वायरस के कहर के चलते दुनिया थम सी गई है। 200 से ज्यादा देश लॉकडाउन हैं और सिर्फ जरूरी काम के लिए ही लोग घर से बाहर निकल रहे हैं। सिनेमा से लेकर खेल के मैदान तक हर जगह लोगों के जाने पर पाबंदी लगी है। इसी वजह से खेल से जुड़े सभी इवेंट भी कैंसिल कर दिए गए हैं और सभी खिलाड़ी अपने घरों के अंदर कैद हैं। इस दौरान टीम इंडिया के सभी खिलाड़ी भी अपने घर में रह रहे हैं और सोशल मीडिया के जरिए अपने फैंस के साथ जुड़ रहे हैं। कुछ खिलाड़ी लाइव चैट के जरिए मजेदार किस्सी फैंस को सुना रहे हैं तो कुछ खिलाड़ी फनी वीडियो बनाकर अपने फैंस का मनोरंजन कर रहे हैं। इस बीच भारतीय टीम के ओपनर शिखर धवन ने भी अपने बेटे जोरावर के साथ एक मजेदार वीडियो बनाया है।
शतक से चूके धवन
धवन ने जो वीडियो शेयर किया है उसमें धवन बैटिंग करते नजर आ रहे हैं, जबकि उनके बेटे जोरावर बॉलिंग करा रहे हैं। इस मैच में धवन काफी अच्छी बल्लेबाजी करते हैं, पर 99 रन पर आकर क्लीन बोल्ड हो जाते हैं और शतक बनाने से चूक जाते हैं। वीडियो शेयर करते हुए धवन ने लिखा "क्वारेंटाइन प्रीमियर लीग का सबसे मजेदार पल। धवन VS धवन।" इस वीडियो के बीच में शिखर और जोरावर के बीच नोक झोक भी होती है और दोनों खिलाड़ी आपस में कुछ शब्द कहते हैं। इसके बाद ही धवन 99 पर पहुंचते हैं और अगली गेंद पर क्लीव बोल्ड हो जाते हैं।